March 1, 2026 7:05 pm

लापरवाही से थाना प्रभारी निलंबित:कोरबा के जंगलों में जुए का अंधेरा बेनकाब!

Korba/कोरबा जिले के घने जंगलों में लंबे समय से पनप रहा जुए का अवैध साम्राज्य आखिरकार पुलिस की सख्त कार्रवाई में धराशायी हो गया। करतला थाना क्षेत्र के जंगल में चल रहे जुए के एक बड़े फड़ पर कोरबा पुलिस की संयुक्त टीम ने जबरदस्त रेड कार्रवाई कर पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। पुलिस ने मौके से जुआ खेलते हुए 20 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 2.5 लाख रुपये नकद, 23 मोटरसाइकिल, एक कार और 35 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिससे जुए के नेटवर्क की व्यापकता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

बताया जा रहा है कि जंगल के भीतर सुनियोजित ढंग से जुए का यह फड़ संचालित किया जा रहा था। दूर-दराज़ के इलाकों से लोग यहां पहुंचते थे और दिन-रात जुए की बाज़ी लगती थी। स्थानीय स्तर पर इसकी भनक लंबे समय से थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से यह अवैध धंधा बेखौफ फल-फूल रहा था। इसी बीच पुलिस अधीक्षक (एसपी) कोरबा द्वारा जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि जुआ, सट्टा और अन्य सामाजिक अपराधों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके बावजूद करतला थाना क्षेत्र में सक्रिय जुआरियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि करतला थाना क्षेत्र के जंगल में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया गया। योजना के तहत टीम ने देर रात जंगल की ओर कूच किया और चारों ओर से घेराबंदी कर अचानक दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआरियों में भगदड़ मच गई, लेकिन पहले से की गई रणनीति के चलते कोई भी फरार नहीं हो सका।

मौके से बरामद नकदी, वाहन और मोबाइल फोन इस बात की गवाही दे रहे हैं कि यह कोई छोटा-मोटा जुआ फड़ नहीं, बल्कि संगठित रूप से संचालित अवैध कारोबार था। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन की जांच कर रही है, जिससे जुए के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित संरक्षण देने वालों के नाम सामने आने की संभावना है।

इस पूरे मामले में कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाते हुए थाना प्रभारी करतला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई न केवल पुलिस महकमे के भीतर एक कड़ा संदेश है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अब जुए जैसे सामाजिक अपराधों में ढिलाई किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगलों में चल रहे इस जुए के कारण क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही थीं। शराबखोरी, झगड़े और आर्थिक बर्बादी जैसी समस्याएं आम हो गई थीं। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि आगे भी ऐसे अवैध धंधों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

पकड़े गए सभी 20 जुआरियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस जुए के फड़ के पीछे कौन लोग मुख्य सूत्रधार हैं और क्या इसमें किसी स्थानीय प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका रही है।


“वही नीतेश ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कोरबा द्वारा बताया गया कि“जिले में जुआ और सट्टा जैसे सामाजिक अपराधों के खिलाफ पुलिस पूरी तरह गंभीर है। करतला थाना क्षेत्र के जंगल में जुए के बड़े फड़ पर कार्रवाई कर 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बड़ी मात्रा में नकदी, वाहन और मोबाइल जब्त किए गए हैं। लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारी को निलंबित किया गया है। आगे भी ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।”

पुलिस अधीक्षक के इस सख्त कदम से यह स्पष्ट हो गया है कि अब कोरबा जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। जंगल हो या शहर, अपराध जहां भी सिर उठाएगा, पुलिस वहां पहुंचकर उसे कुचलने के लिए तैयार है। यह कार्रवाई न सिर्फ जुआरियों के लिए चेतावनी है, बल्कि उन अधिकारियों के लिए भी सबक है जो अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह रहते हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!