November 26, 2026 3:46 pm

धान खरीदी के बीच सहकारिता विभाग में ट्रांसफर का ‘धमाका’! आखिर खरीदी के ऐन मौके पर अधिकारियों की कुर्सियां क्यों हिलाई गईं?

महासमुंद से द्वारिकानाथ की विदाई, गरियाबंद से माहेश्वरी तिवारी की एंट्री; अब नए जिले में होगी प्रशासनिक क्षमता की अग्निपरीक्षा!

धान खरीदी की जंग जारी, इधर अधिकारियों के तबादले से मचा प्रशासनिक हलचल!

महासमुंद/छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाभियान अभी ठीक से गति पकड़ भी नहीं पाया था कि सहकारिता विभाग में शासन ने ऐसा प्रशासनिक फेरबदल कर दिया, जिसने विभागीय गलियारों से लेकर धान खरीदी केंद्रों तक चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। आखिर ऐसी क्या नौबत आ गई कि खरीदी के महत्वपूर्ण सीजन के बीच अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलनी पड़ गईं? क्या यह सामान्य प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा है या इसके पीछे कोई विशेष रणनीति है? इन सवालों ने अब सहकारिता विभाग की कार्यप्रणाली पर नई बहस छेड़ दी है।

छत्तीसगढ़ शासन के सहकारिता विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर द्वारा 26 नवंबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक ESTB-1/6912/2026-COOP.DPT के तहत प्रदेश के कई अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है। आदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक नवीन पदस्थापना दी गई है।

इस फेरबदल में महासमुंद जिले के उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक श्री द्वारिकानाथ को महासमुंद से हटाकर धमतरी जिले में पदस्थ किया गया है। वहीं गरियाबंद जिले में पदस्थ कु. माहेश्वरी तिवारी को महासमुंद जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव के बाद महासमुंद के सहकारिता विभाग में नई अधिकारी के सामने धान खरीदी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की बड़ी चुनौती होगी।

धान खरीदी के बीच तबादला, आखिर क्या है सरकार की रणनीति?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब प्रदेश में धान खरीदी का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, तब अधिकारियों के तबादले की आवश्यकता क्यों महसूस हुई? धान खरीदी कोई सामान्य प्रशासनिक गतिविधि नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत, उनकी आर्थिक स्थिति और शासन की विश्वसनीयता से जुड़ा बड़ा अभियान है।

ऐसे समय में जिला स्तर पर जिम्मेदार अधिकारी बदलने से प्रशासनिक समन्वय, समितियों की निगरानी और खरीदी व्यवस्था पर क्या प्रभाव पड़ेगा, यह देखने वाली बात होगी।

महासमुंद जिला धान उत्पादन और खरीदी के लिहाज से प्रदेश के महत्वपूर्ण जिलों में गिना जाता है। यहां सैकड़ों गांवों के किसान अपनी उपज लेकर खरीदी केंद्रों तक पहुंचते हैं। ऐसे में सहकारिता विभाग के जिला प्रमुख की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। समितियों की व्यवस्था, किसानों की समस्याओं का निराकरण, बारदाने की उपलब्धता, तौल व्यवस्था, खरीदी में पारदर्शिता और अनियमितताओं पर नियंत्रण जैसी जिम्मेदारियां नए अधिकारी के सामने रहेंगी।

द्वारिकानाथ की महासमुंद से विदाई, अब धमतरी में संभालेंगे जिम्मेदारी!

श्री द्वारिकानाथ अब महासमुंद जिले की जिम्मेदारी छोड़कर धमतरी जिले में उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके स्थानांतरण के बाद जिले में सहकारिता विभाग की कमान कु. माहेश्वरी तिवारी को सौंपी गई है।

अब सवाल यह भी है कि धान खरीदी के बीच चल रहे प्रशासनिक बदलाव के बाद जिले की व्यवस्था किस दिशा में आगे बढ़ेगी? क्या नई अधिकारी लंबित शिकायतों, समितियों की समस्याओं और खरीदी केंद्रों की चुनौतियों पर तत्काल नियंत्रण स्थापित कर पाएंगी? इसका जवाब आने वाले दिनों में सामने आएगा।

गरियाबंद से महासमुंद पहुंचीं माहेश्वरी तिवारी, चुनौतियों का पहाड़!

गरियाबंद जिले से महासमुंद स्थानांतरित होकर आ रहीं कु. माहेश्वरी तिवारी के लिए यह नई पदस्थापना किसी आसान परीक्षा से कम नहीं होगी। महासमुंद जिले की भौगोलिक परिस्थितियां, सहकारी समितियों का व्यापक नेटवर्क, धान खरीदी का दबाव और किसानों की अपेक्षाएं उनके सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ी हैं।

उन्हें न केवल खरीदी व्यवस्था को गति देनी होगी, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना होगा कि किसी किसान को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता बनी रहे, किसानों की उपज का सही तौल हो और भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।

जिले में पहले से मौजूद शिकायतों और सहकारी संस्थाओं से जुड़े मामलों की निष्पक्ष समीक्षा भी उनके लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

प्रदेश में अन्य अधिकारियों की भी बदली गई जिम्मेदारी!

26 नवंबर को जारी शासनादेश में केवल महासमुंद और गरियाबंद ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई जिलों में भी अधिकारियों की पदस्थापना बदली गई है।

आदेश के अनुसार प्रदीप कुमार ठाकुर को धमतरी एवं बालोद के अतिरिक्त प्रभार से हटाकर आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर में पदस्थ किया गया है।

सतीश कुमार पाटले को दुर्ग से बालोद में पदस्थ किया गया है।अवधेश मिश्रा को नवा रायपुर से दुर्ग भेजा गया है। श्रीमती शिल्पा अग्रवाल को बेमेतरा से धमतरी, आकाश दीप पात्रे को कवर्धा से बेमेतरा तथा धनंजय कुमार सिंह सूर्यवंशी को नवा रायपुर से कांकेर में पदस्थ किया गया है।

इसके अलावा राधेश्याम नायक को गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही से कोरिया तथा अनिल तिर्की को जशपुर से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में नवीन जिम्मेदारी दी गई है।

अब किसानों की निगाहें नई अधिकारी पर!

महासमुंद जिले में कु.माहेश्वरी तिवारी की नई पदस्थापना के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि वे धान खरीदी की व्यवस्था को कितनी प्रभावी ढंग से संभाल पाती हैं। क्या वे खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करेंगी? क्या किसानों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई होगी? क्या समितियों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी?

यह भी देखना होगा कि शासन द्वारा खरीदी के बीच किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल से व्यवस्था मजबूत होती है या शुरुआती दिनों में समन्वय की नई चुनौतियां सामने आती हैं।

फिलहाल शासन ने अपना प्रशासनिक फैसला सुना दिया है, लेकिन असली परीक्षा अब महासमुंद जिले में होगी। धान खरीदी के बीच बदली कुर्सियों का असर किसानों को राहत के रूप में दिखाई देता है या फिर नई चुनौतियों के रूप में, इसका फैसला आने वाला समय करेगा।

क्योंकि किसानों के लिए अधिकारी का नाम नहीं, बल्कि उनकी मेहनत की फसल की सही खरीदी, समय पर भुगतान और सम्मान सबसे ज्यादा मायने रखता है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!