November 27, 2026 12:05 am

सात दिन में प्रतिवेदन देने जिला कलेक्टर का फरमान,आयुक्त आदिवासी विभाग द्वारा आदेश को क्यों किया जा रहा है नजरअंदाज

गरियाबंद आदिवासी विकास विभाग की डोर किसके हाथों पर ? 16 करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार की जांच पर सवाल, डोर अटैचमेंट में पदस्थ बाबू आशीष मिश्रा पर भी उठे सवाल!

गरियाबंद। जिले के आदिवासी विकास विभाग में मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना एवं जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) के तहत स्वीकृत लगभग 16 करोड़ रुपये की राशि के कथित भ्रष्टाचार और बिना कार्य कराए भुगतान किए जाने के आरोपों ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला अब केवल कथित वित्तीय अनियमितताओं तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि जिला कलेक्टर कार्यालय की शिकायत शाखा द्वारा जारी किए गए सात दिवस के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के आदेश के पालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
कलेक्टर के आदेश की समय-सीमा बीती, लेकिन प्रतिवेदन का अता-पता नहीं! क्या जिला प्रशासन के निर्देशों को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जिला कलेक्टर कार्यालय की शिकायत शाखा ने स्पष्ट रूप से सात दिवस के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था, तो आखिर संबंधित विभाग ने समय-सीमा में जवाब क्यों नहीं दिया? जांच होने के उपरांत प्रतिवेदन देने में देरी क्यों है? क्या संलिप्त अधिकारी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है ? या फिर शिकायत पर कार्रवाई की प्रक्रिया को ही जानबूझ कर धीमा कर दिया गया है? इन सवालों का जवाब अब जिला प्रशासन से अपेक्षित है।

जब कलेक्टर कार्यालय से जारी हुआ सात दिन का फरमान!

प्राप्त शासकीय दस्तावेज के अनुसार कार्यालय कलेक्टर (शिकायत शाखा), जिला गरियाबंद द्वारा क्रमांक 3242/शिका./11/2026 के अंतर्गत दिनांक 05 नवंबर 2026 को सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, जिला गरियाबंद के नाम ज्ञापन जारी किया गया।यह ज्ञापन शिकायतकर्ता द्वारा दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को प्रस्तुत शिकायत के आधार पर जारी किया गया था। शिकायत में आदिवासी विकास विभाग में मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना एवं डीएमएफ मद की लगभग 16 करोड़ रुपये की राशि में कथित भ्रष्टाचार, बिना कार्य कराए भुगतान किए जाने के आरोप तथा जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच की मांग की गई थी।

कलेक्टर कार्यालय के ज्ञापन में शिकायत का उल्लेख करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया गया कि उक्त शिकायत के संबंध में प्रतिवेदन सात दिवस के भीतर इस कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।लेकिन आदिवासी आयुक्त द्वारा जिला कार्यालय के पत्र को अनदेखा करते हुएं आज दिवस तक प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया प्रतिवेदन प्रस्तुत करने की वजह क्या है? या जिलाधीश के आदेशों को जानबूझ कर नजरअंदाज किया जा रहा है?

ज्ञापन पर अपर कलेक्टर द्वारा अनुमोदन किए जाने का उल्लेख भी है। यानी मामला सामान्य पत्राचार तक सीमित नहीं था, बल्कि जिला प्रशासन के स्तर पर शिकायत का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग से जवाब मांगा गया था।

सात दिन बीते, फिर भी प्रतिवेदन कहां?

अब सवाल यह है कि 05 नवंबर 2026 को जारी निर्देश के बाद सात दिवस के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाना था, लेकिन शिकायतकर्ता के अनुसार 26 नवंबर तक भी उन्हें प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने अथवा कार्रवाई की स्थिति की जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।

यदि संबंधित विभाग ने प्रतिवेदन भेज दिया है, तो उसकी प्रति और कार्रवाई का विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा? और यदि प्रतिवेदन अब तक नहीं भेजा गया है, तो निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं करने के पीछे क्या कारण है?

क्या वर्तमान सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने जिला कलेक्टर कार्यालय के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लिया? क्या इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया है? आखिर शिकायत शाखा के सात दिवसीय निर्देश के बाद भी मामले की प्रगति स्पष्ट क्यों नहीं है?

इन सवालों पर जिला प्रशासन की स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।

विभाग की डोर किसके हाथ में? आशीष मिश्रा के अटैचमेंट पर सवाल!

इस पूरे प्रकरण के बीच आदिवासी विकास विभाग में डोर अटैचमेंट पर कार्यरत बाबू आशीष मिश्रा की पदस्थापना और अटैचमेंट को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।शिकायतकर्ता का सवाल है कि जब विभाग में अन्य कर्मचारियों के अटैचमेंट समाप्त किए जाने की जानकारी सामने आ रही है, तो फिर बाबू आशीष मिश्रा का अटैचमेंट अब तक समाप्त क्यों नहीं हुआ? क्या उनके अटैचमेंट को जारी रखने के पीछे कोई प्रशासनिक आवश्यकता है? यदि है, तो उसका लिखित आदेश और औचित्य क्या है?आशीष मिश्रा किस विभाग का कर्मचारी है क्या उनके विभाग में उनकी आवश्यकता नहीं है?

यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि वर्तमान सहायक आयुक्त के कार्यकाल में विभागीय कार्यों का वास्तविक नियंत्रण किस प्रशासनिक व्यवस्था के तहत संचालित हो रहा है। क्या सभी निर्णय नियमानुसार सक्षम अधिकारियों द्वारा लिए जा रहे हैं? या फिर विभाग में अटैचमेंट पर पदस्थ कर्मचारियों की भूमिका निर्धारित प्रशासनिक दायरे से अधिक प्रभावशाली हो गई है?

हालांकि इन सवालों के आधार पर किसी कर्मचारी की भूमिका को दोषी नहीं माना जा सकता, लेकिन अटैचमेंट की स्थिति, आदेश और कार्य-विभाजन की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

लगभग 16 करोड़ की राशि का हिसाब कौन देगा?

मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना और डीएमएफ मद का उद्देश्य कोई कागजी खानापूर्ति करना नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना, आदिवासी क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार करना और जरूरतमंद विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत करना है।ऐसे में यदि इन योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत राशि के विरुद्ध बिना वास्तविक कार्य कराए भुगतान किए जाने के आरोप सामने आते हैं, तो यह बेहद गंभीर विषय है।आखिर किन निर्माण कार्यों के लिए कितनी राशि स्वीकृत हुई? किन एजेंसियों को भुगतान किया गया? कितने कार्य वास्तव में पूरे हुए? कितने कार्य अधूरे हैं? क्या भुगतान से पहले तकनीकी सत्यापन और भौतिक निरीक्षण कराया गया था? क्या माप पुस्तिका, कार्य पूर्णता प्रमाणपत्र और भुगतान संबंधी अभिलेखों का परीक्षण हुआ?

इन सभी बिंदुओं की स्वतंत्र जांच होने पर ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।

जांच पूर्ण होने के बाद दोषी अधिकारी और कर्मचारियों के ऊपर कार्रवाई पर विलंब क्यों ?

शिकायतकर्ता ने यह भी सवाल उठाया है कि यदि विभागीय स्तर पर जांच पूरी हो चुकी है, तो अब तक उसकी कार्रवाई का विवरण सामने क्यों नहीं आया? यदि जांच लंबित है, तो उसकी वर्तमान स्थिति क्या है और विलंब के लिए कौन जिम्मेदार है?

जिला प्रशासन को चाहिए कि शिकायत पर की गई कार्रवाई, संबंधित अधिकारियों से प्राप्त जवाब, जांच की स्थिति और वित्तीय अभिलेखों के परीक्षण का विवरण स्पष्ट करे।

अब जिला प्रशासन से न्याय की उम्मीद!

अब निगाहें जिला कलेक्टर गरियाबंद पर टिकी हैं। क्या सात दिवस के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं करने के मामले में संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा? क्या लगभग 16 करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार की शिकायत की स्वतंत्र जांच कराई जाएगी? क्या डोर अटैचमेंट पर कार्यरत कर्मचारियों की पदस्थापना और कार्य-विभाजन की समीक्षा होगी?

यह मामला किसी एक शिकायतकर्ता का नहीं, बल्कि उन सार्वजनिक योजनाओं की पारदर्शिता और जवाबदेही का है, जिनका लाभ गरियाबंद जिला के विद्यार्थियों और आदिवासी समुदाय तक पहुंचना था लेकिन विकास की भेट चढ़ा गबन ।

अब सवाल सीधा है—जिला कलेक्टर का सात दिवसीय आदेश केवल कागजों तक सीमित रहेगा या उस पर वास्तविक कार्रवाई भी होगी?

गरियाबंद जिला की जनता जानना चाहती है कि लगभग 16 करोड़ रुपये की राशि का हिसाब कब सामने आएगा और शिकायत पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होगी?

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!