विकास कार्यों के नाम पर स्वीकृत राशि के कथित दुरुपयोग का मामला, शिकायत के बाद भी कार्रवाई का इंतजार! जिला पंचायत सीईओ की जांच पर उठे सवाल, निजी अस्पताल के लाइसेंस और नौकरी दिलाने के नाम पर कथित लेनदेन की भी चर्चा!
गरियाबंद। सरकारी खजाने से विकास कार्यों के लिए स्वीकृत करोड़ों रुपये का आखिर हिसाब कौन देगा? जिन पैसों का इस्तेमाल आदिवासी क्षेत्रों के विकास, छात्रावासों की व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं में होना था, क्या उन पैसों का वास्तविक उपयोग हुआ या फिर कागजों में विकास दिखाकर सरकारी राशि के कथित गबन का खेल खेला गया? गरियाबंद जिले में तत्कालीन अपर कलेक्टर एवं प्रभारी आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग नवीन भगत के कार्यकाल से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले ने अब कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इस मामले में शिकायत की जा चुकी है, जांच एजेंसी भी निर्धारित कर दी गई है और जांच की जिम्मेदारी जिले ईमानदार अधिकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत गरियाबंद को सौंपी गई है,तो फिर आज तक जांच का नतीजा सामने क्यों नहीं आया? आखिर किस वजह से कार्रवाई की प्रक्रिया लंबित है? क्या जांच में कोई बाधा है या फिर जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते शिकायत की फाइल सरकारी दफ्तरों में धूल फांक रही है?
करोड़ों की राशि का मामला, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सन्नाटा!
शिकायतकर्ता के अनुसार, गरियाबंद जिले में विकास कार्यों के लिए स्वीकृत सरकारी राशि के उपयोग को लेकर तत्कालीन अपर कलेक्टर एवं प्रभारी आयुक्त नवीन भगत के विरुद्ध गंभीर शिकायत की गई है। आरोप है कि जिन कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई थी, उनमें वास्तविक कार्यों की स्थिति और सरकारी धन के उपयोग की जांच आवश्यक है।यदि सरकारी दस्तावेजों में कार्य पूर्ण दर्शाए गए हैं, लेकिन धरातल पर कार्य नहीं हुए हैं, तो यह अत्यंत गंभीर वित्तीय अनियमितता का विषय हो सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि संबंधित कार्यों की तकनीकी जांच, भुगतान से जुड़े अभिलेख, बिल-वाउचर, माप पुस्तिका और राशि जारी करने की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच आखिर कब होगी?
शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके द्वारा लिखित शिकायत प्रस्तुत की जा चुकी है, इसके बावजूद आज दिवस तक अपेक्षित कार्रवाई सामने नहीं आई है। करोड़ों रुपये के कथित गबन जैसे गंभीर आरोपों पर यदि जांच ही आगे नहीं बढ़ेगी, तो सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही कैसे सुनिश्चित होगी?











