Chhatisgarh/रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात, जब पूरा गांव गहरी नींद में था, तब जंगली सन्नाटे के बीच एक ऐसी चीख़ दबी रह गई, जिसने इंसानियत को झकझोर दिया। सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चिकनी धरमपुर में एक一एकी हाथी ने वह तबाही मचाई, जिसे गांव के लोग जिंदगी भर भूल नहीं पाएंगे। सोनगरा जंगल की ओर से भटककर आए हाथी ने एक अस्थायी झोपड़ी पर अचानक हमला कर दिया। मजदूर दंपती किसी तरह जान बचाने में सफल रहे, लेकिन उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी उम्मीद — महज 40 दिन का नवजात — हाथी के पैरों तले कुचलकर दम तोड़ गया।
यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि व्यवस्था की चूक का क्रूर चेहरा है, जिसने एक मासूम से उसकी सांसें छीन लीं और माता-पिता से उनकी दुनिया उजाड़ दी।
गुड़ की खुशबू बनी मौत का कारण!
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के थाना कोटेसरा अंतर्गत ग्राम लोकरा निवासी प्रवासी मजदूर ज्ञानी अपनी पत्नी के साथ सूरजपुर के भटगांव क्षेत्र स्थित एक गुड़ फैक्ट्री में काम करने आया था। रोज़ी-रोटी की तलाश उन्हें यहां ले आई, जहां फैक्ट्री के पास उन्होंने पन्नी, बांस और तिरपाल से एक अस्थायी झोपड़ी खड़ी की थी। उसी झोपड़ी में उनका 40 दिन का मासूम बेटा पल रहा था—मां की गोद में, पिता के सपनों में।
रविवार देर रात करीब एक बजे सोनगरा जंगल से भटका एक हाथी गुड़ की तीखी खुशबू से आकर्षित होकर फैक्ट्री परिसर की ओर आ गया। देखते ही देखते हाथी उस झोपड़ी तक पहुंच गया और पल भर में उसे तहस-नहस कर डाला। झोपड़ी के गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। मां-बाप किसी तरह बाहर निकले, लेकिन नींद में डूबा नवजात वहीं रह गया। अगले ही क्षण हाथी का विशाल पैर उस मासूम के नन्हे शरीर पर पड़ा—और एक उजली सुबह आने से पहले ही बुझ गई।
मां की चीखें, बाप का सन्नाटा!
घटना के बाद पूरा इलाका मातम में डूब गया। मां की चीखें जंगल की खामोशी को चीरती रहीं, तो वहीं पिता बदहवास-सा जमीन पर बैठा अपने बच्चे के निष्प्राण शरीर को देखता रहा। गांव वालों का कहना है कि ऐसी चीखें पहले कभी नहीं सुनी गईं। वह केवल एक मां की चीख नहीं थी, बल्कि उस लाचारी की आवाज़ थी, जिसमें गरीब मजदूर परिवार सिस्टम के भरोसे फिर से हार गया।
देर से पहुंचा वन विभाग, भड़का आक्रोश!
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को खबर दी। लेकिन आरोप है कि सूचना के काफी समय बाद विभागीय टीम घटनास्थल पर पहुंची। इस देरी ने ग्रामीणों के गुस्से को और भड़का दिया। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही कोई नई बात नहीं है, बावजूद इसके न तो पर्याप्त गश्त होती है, न ही समय पर चेतावनी देने की कोई ठोस व्यवस्था मौजूद है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि अगर समय रहते अलर्ट सिस्टम सक्रिय होता, या जंगल से सटे क्षेत्रों में प्रवासी मजदूरों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया होता, तो शायद आज एक मासूम जिंदा होता।
“घटना के बाद आता है प्रशासन, पहले क्यों नहीं?”
घटनास्थल पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने नियमों के तहत मृतक बच्चे के परिजनों को 25 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की। लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा इससे शांत नहीं हुआ। उनका कहना है कि “हर बार हादसे के बाद मुआवजा देना समाधान नहीं है।” सवाल यह भी उठा कि एक 40 दिन के बच्चे की जान की कीमत क्या सिर्फ कुछ हजार रुपये है?
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग केवल औपचारिकताएं निभाता है—घटना के बाद आता है, कागजी कार्रवाई करता है और फिर लौट जाता है। हाथी-मानव संघर्ष को रोकने के लिए न तो स्थायी योजना बनाई जाती है, न ही प्रभावित इलाकों में रहने वालों को सुरक्षित विकल्प दिए जाते हैं।
मानव-हाथी संघर्ष: बढ़ती त्रासदी!
यह घटना एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष के बढ़ते खतरे को सामने लाती है। जंगलों का सिमटना, औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार और वन्यजीव गलियारों में दखल—ये सारे कारण ऐसे हादसों को जन्म दे रहे हैं। लेकिन सबसे ज्यादा नुकसान उन गरीब और प्रवासी परिवारों को होता है, जिनकी न तो कहीं सुनवाई है, न ही कोई ठोस सुरक्षा।
आज सवाल सिर्फ एक हादसे का नहीं, बल्कि उस सिस्टम का है, जो बार-बार चेतावनी के बावजूद जागने को तैयार नहीं। सूरजपुर की यह रात केवल एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र के लिए एक कड़ा सवाल छोड़ गई है—अगला मासूम कौन होगा, और क्या तब भी जवाब सिर्फ “मुआवजा” ही रहेगा?













