महासमुंद में हड़कंप:चर्चित ‘बालाजी होटल’ सील, 18 लोगो की जुआकांड में गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की बड़ी कार्यवाही!
रायपुर रोड की चमक के पीछे छिपा था जुए का अड्डा — पुलिस ने गिराया पर्दा, होटल संचालक अजय नायडू की गिरफ्तारी नहीं हुई!
Mahasamund/महासमुंद से इस वक्त की सबसे बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। शहर के रायपुर रोड पर स्थित चर्चित होटल बालाजी पर आज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे पूरी तरह सील कर दिया है। यह वही होटल है, जहाँ कुछ दिन पहले जुए के अड्डे पर छापेमारी के दौरान BJP नेता सहित कई नामचीन व्यापारी पकड़े गए थे। अब जिला कप्तान के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस और कार्यपालक मजिस्ट्रेट की टीम ने आज दोपहर एक्शन लेते हुए होटल को छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत सील कर दिया।
23 अक्टूबर की रात का हाई-वोल्टेज ड्रामा!
23 अक्टूबर 2025 की रात थी करीब 1:30 बजे। शहर सो रहा था, लेकिन बालाजी होटल के कमरों में चल रहा था जुए का ताश का खेल। उसी समय जिला कप्तान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अचानक दबिश दी। कमरे खुलते ही पुलिस को मिला जुए का पूरा साम्राज्य — ताश के पत्ते, कैश के बंडल, मोबाइल, महंगी गाड़ियाँ और शराब की बोतलें।
छापेमारी में 18 लोग मौके से पकड़े गए, जिनमें शहर के कुछ भाजपा नेता और कई प्रभावशाली कारोबारी शामिल थे। पुलिस ने ₹7.64 लाख नकद, 19 मोबाइल और 10 वाहनों को जब्त किया था। इसके बाद से ही यह मामला शहर की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में गर्माया हुआ था।
आज हुई निर्णायक कार्यवाही!
आज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी और कार्यपालक मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में महासमुंद सिटी कोतवाली की टीम फिर से बालाजी होटल पहुंची। सबसे पहले होटल में ठहरे हुए लोगों और होटल के कर्मचारियों को बाहर निकाला गया, और फिर पुलिस ने पूरा परिसर सील कर दिया। होटल के गेट को सील कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्यवाही इसलिए की गई क्योंकि होटल का उपयोग गैरकानूनी गतिविधियों के लिए बार-बार किया जा रहा था। यह केवल होटल नहीं, बल्कि जुए और सट्टे का ठिकाना बन चुका था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने मीडिया को बयान देते हुएं बताया!
इस पूरे मामले में एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने कहा —
“हमें लगातार सूचना मिल रही थी कि बालाजी होटल में जुएं का कारोबार जोरों से चल रहा है। जांच के बाद आज यह साबित हुआ कि होटल का उपयोग अवैध कार्यों के लिए किया जा रहा था। इसलिए जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए होटल को सील किया गया है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि होटल संचालक अजय नायडू की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है,
जुए की जड़ें कितनी गहरी?
सूत्रों के अनुसार,क्या बालाजी होटल में लंबे समय से गुप्त रूप से हाई-प्रोफाइल जुए का संचालन किया जा रहा था?
पुलिस सूत्रों ने खुलासा किया है कि इस होटल से जुड़ी कुछ अन्य जगहों की भी निगरानी की जा रही है, जहाँ से जुए का नेटवर्क फैलाया गया था। आने वाले दिनों में और बड़ी गिरफ्तारियाँ हो सकती हैं।
शहर में सन्नाटा और सियासी तूफान!
बालाजी होटल की सीलिंग के बाद महासमुंद शहर में सन्नाटा और सियासी हलचल दोनों देखने को मिल रहे हैं।शहर के व्यापारिक वर्ग में भी इस घटना ने हलचल मचा दी है। जो लोग कभी होटल में शानो-शौकत से आते-जाते थे, वे अब नाम सामने आने के डर से चुप हैं। सोशल मीडिया पर यह खबर आग की तरह फैल चुकी है, और लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या अब कानून का शिकंजा और बड़े चेहरों तक पहुंचेगा?
आगे क्या?
जिला पुलिस अब होटल संचालक अजय नायडू की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही पकड़ा जाएगा। साथ ही, प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि होटल के लाइसेंस और निर्माण स्वीकृति में कोई गड़बड़ी तो नहीं हुई थी।
सूत्रों के मुताबिक, अगर होटल के संचालन में अवैध गतिविधियों की पुष्टि हो जाती है, तो होटल की स्थायी लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है।
जुए के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’!
महासमुंद पुलिस ने इस कार्रवाई से यह संदेश देने की कोशिश की है कि अवैध गतिविधियों के लिए कोई ‘सेफ ज़ोन’ नहीं है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है —
“कोई भी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून सबके लिए बराबर है। बालाजी होटल की सीलिंग इस दिशा में एक सख्त कदम है।”
एक होटल, कई राज़!
महासमुंद का यह मामला अब केवल जुआ या होटल की कार्यवाही तक सीमित नहीं रहा। यह सवाल उठा रहा है कि शहर में अपराध और सत्ता के बीच की दूरी कितनी कम हो चुकी है।बालाजी होटल की सीलिंग ने यह साबित कर दिया कि जब कानून जागता है, तो रात के अंधेरे में पनपता ‘पाप का खेल’ भी उजाले में आ जाता है।













