महासमुंद का बहुचर्चित कांड:पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल, सत्य कार्यवाही की उम्मीद! हर्बल लाइफ और रमा न्यूट्रिशन क्लब पर सवाल, दो माह बाद भी न्याय की उम्मीद अधर में!
Mahasamund/लगता है जिले का सबसे बहुचर्चित और सनसनीखेज मामला – हर्बल लाइफ और रमा न्यूट्रिशन क्लब – ठंडे बस्ते में डालने की तैयारी हो चुकी है। यह वही मामला है जिसने पूरे महासमुंद को झकझोर दिया था, जब इमलीभाठा निवासी शिक्षक दिनेश साहू की आत्महत्या से जोड़ा गया।
दिनेश साहू की मौत केवल एक आत्महत्या नहीं, बल्कि आरोपों के जाल में उलझी एक ऐसी कहानी है, जिसमें रिश्ते, व्यापार और कथित षड्यंत्र की परछाइयाँ दिखाई देती हैं।
मां की लिखित शिकायत ने खोली कई परतें!
दिनेश साहू की बुजुर्ग मां ने पुलिस अधीक्षक और सिटी कोतवाली महासमुंद को लिखित शिकायत सौंपी थी। उनके अनुसार, बेटे की आत्महत्या के पीछे उसकी पत्नी चंदेश्वरी साहू, बिरकोनी क्लब संचालिका रमा साहू, और फर्शी फैक्ट्री के मालिक तथा क्लब से जुड़े शिरीष अग्रवाल घोड़ारी निवासी का हाथ है।मां का सीधा आरोप है कि इन्हीं तीनों ने दिनेश को इतना मानसिक रूप से प्रताड़ित किया कि उसने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
उन्होंने यह भी बताया कि जिस दिन दिनेश ने आत्महत्या की, उस दिन उसकी पत्नी चंदेश्वरी, रमा साहू और शिरीष अग्रवाल तीनों दिल्ली में मौज-मस्ती में व्यस्त थे और एक होटल में साथ देखे गए थे। सवाल उठता है – क्या यह महज संयोग था या कोई गहरी साज़िश?
दो माह बीत गए, कार्रवाई अब तक शून्य!
शिकायत को लगभग दो माह हो चुके हैं। लेकिन, चौंकाने वाली बात यह है कि अब तक किसी आरोपी पर न तो एफआईआर दर्ज हुई, न ही पूछताछ की औपचारिकता पूरी हुई।सवाल यह भी है कि आखिर पुलिस ने अब तक शिकायत पर गंभीरता क्यों नहीं दिखाई? क्या आरोपी इतने प्रभावशाली हैं कि प्रशासन भी मौन साधे बैठा है?
परिवार का दर्द यह है कि उनकी आखिरी उम्मीद न्याय से है, लेकिन जब कार्रवाई ही नहीं हो रही, तो दिनेश की आत्मा कब तक भटकती रहेगी?
क्या सेहत के नाम पर धोखा?
बिरकोनी स्थित रमा न्यूट्रिशन क्लब और हर्बल लाइफ से जुड़े कारोबार पर भी अब सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों का दावा है कि सेहत और पोषण के नाम पर चल रहे इन क्लबों में कई अनियमितताएं छिपी हुई हैं।
क्या यह क्लब केवल स्वास्थ्य उत्पाद बेचने का माध्यम है या इसके पीछे कोई और काली कमाई का धंधा चल रहा है? दिनेश की आत्महत्या ने इन गतिविधियों पर गहरे प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
सवालों के घेरे में पुलिस प्रशासन!
•जनता का सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब शिकायत में साफ-साफ नाम दर्ज हैं, तो आखिर पुलिस ने अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की?
•क्या सिटी कोतवाली ने इन तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया?
•क्या मृतक की कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच की गई?
•आखिर किस दबाव में मामला लटका कर रखा गया है?
आरोपियों के हाव-भाव भी अब चौंकाने वाले हैं। वे खुद को सुरक्षित मान रहे हैं और खुलेआम घूमते दिखते हैं, जैसे उन्हें किसी सजा का डर ही नहीं।
परिवार में आक्रोश, प्रशासन मौन!
दिनेश के परिवार वाले इस पूरे घटनाक्रम से स्तब्ध हैं। शहर में चर्चा है कि क्या कानून केवल गरीब और आम आदमी के लिए है?
जब मामला प्रभावशाली परिवारों और व्यापारियों से जुड़ता है, तो क्यों जांच की गति धीमी पड़ जाती है?
परिवार के साथ साथ शहर के लोग कह रहे हैं कि यदि दोषियों पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई, तो यह नजीर बन जाएगी कि पैसा और रसूख के सामने कानून भी झुक जाता है।
मां का दर्द: ‘मेरे बेटे को न्याय कब मिलेगा?’दिनेश की मां बार-बार यही कह रही हैं –
“मैंने नाम सहित शिकायत दी है, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिर मेरे बेटे की मौत की जिम्मेदारी कौन लेगा? दोषियों को सजा क्यों नहीं मिल रही?”
उनकी आंखों में आंसू और शब्दों में गुस्सा साफ झलकता है। उनका कहना है कि यदि न्याय नहीं मिला, तो वे कलेक्टर कार्यालय और राजधानी तक धरना देने को मजबूर होंगी।
अब सवाल प्रशासन से!
•क्या महासमुंद पुलिस दोषियों पर शिकंजा कसने का साहस दिखा पाएगी?
•क्या जांच अधिकारी पूरे मामले की तह तक जाएंगे या यह भी जिले की अनसुलझी फाइलों में दफन हो जाएगा?
•क्या दिनेश साहू की मौत सिर्फ एक आंकड़ा बनकर रह जाएगी?
न्याय की पुकार गूंज रही है
यह मामला केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का है। यदि ऐसे मामलों में न्याय नहीं हुआ, तो कल को हर मां अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर डरी-सहमी रहेगी।महासमुंद की जनता अब जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से यही मांग कर रही है कि दोषियों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि दिनेश की आत्मा को शांति मिल सके और समाज में कानून पर विश्वास बना रहे।
हर्बल लाइफ और रमा न्यूट्रिशन क्लब से जुड़ा यह मामला अब केवल एक आत्महत्या की कहानी नहीं रहा, बल्कि न्याय और प्रशासन की निष्पक्षता की सबसे बड़ी परीक्षा बन चुका है। दो माह बीतने के बाद भी जब दोषी खुलेआम घूम रहे हैं, तो जनता का गुस्सा और पीड़ा दोनों उफान पर हैं।
अब देखना यह है कि क्या महासमुंद जिला प्रशासन इस बहुचर्चित मामले को ठंडे बस्ते से बाहर निकालकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का साहस दिखाएगा या यह भी सिर्फ एक ‘अधूरी कहानी’ बनकर रह जाएगा।













