“तबादलों का तूफान या ताकत की टकराहट?” — छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में ट्रांसफर आदेश तो जारी… लेकिन ज़मीन पर अटका ‘लायन ऑर्डर’! सवाल वही पुराना: चलेगा कानून या चलेगा किसी का सिक्का?
Raipur/छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में गुरुवार देर शाम जो हुआ, उसे महज एक “तबादला आदेश” कह देना सच्चाई के साथ नाइंसाफी होगी। पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर से जारी आदेश ने पूरे सिस्टम को हिला कर रख दिया। “राज्य पुलिस स्थापना बोर्ड” की अनुशंसा पर पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के हस्ताक्षर से निकला यह आदेश कागज पर तो तत्काल प्रभाव से लागू है, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
आदेश आते ही महकमे में खुसुर-फुसुर शुरू हो गई, चाय की दुकानों से लेकर पुलिस लाइनों तक सिर्फ एक ही चर्चा—“अब किसका आदेश चलेगा?”
क्योंकि जिन तबादलों ने सबसे ज़्यादा सुर्खियाँ बटोरीं, वही अब सवालों के घेरे में हैं।
“लायन ऑर्डर” पर ब्रेक!
महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना से निरीक्षक अजय कुमार सिन्हा का तबादला जिला कबीरधाम किया गया। नाम सामने आते ही पूरा प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारा सतर्क हो गया। कारण साफ है—बागबाहरा में अजय सिन्हा का नाम सिर्फ एक थाना प्रभारी के तौर पर नहीं, बल्कि “लायन ऑर्डर” के पर्याय के रूप में जाना जाता रहा है।
•कभी सख्ती, कभी चुप्पी…
•कभी थाने से अचानक गायब रहने के आरोप…
•कभी मीडिया से दूरी…
•और कभी सीनियर-जूनियर की राजनीति—उनकी कार्यशैली हमेशा बहस के केंद्र में रही।
लेकिन अब सवाल यह नहीं कि उनका तबादला हुआ या नहीं। सवाल यह है कि—कबीरधाम पहुँचे क्यों नहीं?
आदेश जारी हो चुका है, प्रतिलिपियाँ पहुँच चुकी हैं, फिर भी सिन्हा अब तक महासमुंद से भारमुक्त क्यों नहीं हुए? क्या यह महज प्रशासनिक देरी है या फिर किसी अदृश्य शक्ति का खेल?
अवैध शराब और खामोशी के आरोप!
सूत्रों के मुताबिक बागबाहरा थाना क्षेत्र के हरनादादार और बागबाहरा मंडी इलाके में अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से निगरानी बदमाशों द्वारा फल- फूल रहा है। आरोप यह भी कि थाना प्रभारी बागबाहरा का उन निगरानी बदमाशों को “अदृश्य संरक्षण” प्राप्त है।अब सवाल यह है—क्या इन सब चर्चाओं के बीच तबादला सिर्फ संयोग है या किसी बड़ी रणनीति का हिस्सा?
कबीरधाम, जहां स्वयं गृहमंत्री का राजनीतिक और प्रशासनिक प्रभाव माना जाता है, वहाँ अजय सिन्हा की पोस्टिंग को लेकर चर्चाएँ और तेज हैं—
•क्या वहां भी ‘लायन ऑर्डर’ चलेगा या फिर ‘मंत्री जी का ऑर्डर’?
•मान सिंह का मामला: आदेश के बाद भी जड़ें जमा कर महासमुंद जिला में बैठे!
इसी आदेश में महासमुंद जिले से उप निरीक्षक मान सिंह का तबादला मुंगेली जिले के लिए किया गया। लेकिन हैरानी की बात यह है कि वे भी अब तक भारमुक्त नहीं हुए।
•प्रश्न उठता है—जब आदेश तत्काल प्रभाव से लागू है, तो फिर यह देरी क्यों?
•क्या थाना और चौकी स्तर पर आदेशों की व्याख्या अपने हिसाब से की जा रही है?
•या फिर ऊपर से नीचे तक कोई मौन सहमति बन चुकी है?
आदेश में शामिल अन्य नाम — एक नजर
11 दिसंबर 2025 को जारी पृ.क्रमांक-4577 में कई अहम नाम शामिल हैं—
•केशर पराग बंजारा (निरीक्षक) — बलौदाबाजार-भाटापारा से पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर,
•प्रमोद कुमार सिंह (निरीक्षक) — रायपुर से बलौदाबाजार,
•मनीष परिहार (निरीक्षक) — सरगुजा से पुलिस मुख्यालय,
•वंश नारायण शर्मा (उप निरीक्षक) — बलरामपुर-रामानुजगंज से सक्ती,
इन सभी तबादलों को प्रशासनिक संतुलन और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद बताया गया। लेकिन ज़मीन पर लागू न होने वाले आदेश पूरे सिस्टम की साख पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल: क्या DGP के आदेशों को ठेंगा?
•अब सवाल सिर्फ एक अफसर या एक जिले का नहीं रह गया है। सवाल है छत्तीसगढ़ पुलिस की कमान का !
•अगर पुलिस महानिदेशक के आदेशों पर भी अमल नहीं हो पा रहा, तो फिर जमीनी स्तर में कानून का भय कैसे कायम होगा?
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कुछ तबादलों को रुकवाने के लिए “पूरी कायनात” लगा दी गई है। फोन, सिफारिश, दबाव—सब कुछ आज़माया जा रहा है।
और यही कारण है कि आदेश जारी होने के बाद भी अफसर अपनी कुर्सियों से हिल नहीं रहे।
विभाग में आगे क्या?
यह तबादला आदेश अब सिर्फ प्रशासनिक दस्तावेज नहीं रहा। यह ताकत की परीक्षा बन चुका है।आने वाले दिनों में साफ होगा—
•क्या अजय सिन्हा वाकई कबीरधाम पहुँचते हैं?या फिर जिले में चिपक कर बैठेंगे या जिले के और भी थाना प्रभारियों को मौका दिया जायेगा?
•क्या मान सिंह मुंगेली के लिए रवाना होते हैं?
•या फिर यह मामला भी फाइलों और फोन कॉल्स के बीच दबकर रह जाएगा?
फिलहाल छत्तीसगढ़ में चर्चा एक ही है—
“तबादला आदेश तो आया है… अब देखना यह है कि बादल कहाँ बरसते हैं और बिजली किस पर गिरती है!”













