“डांस की धुन पर थिरकता शहर, खून से सनी जमीन… मोवा में चाकू ने ली डिलीवरी बॉय की जान, राजधानी फिर शर्मसार!”
Raipur/राजधानी एक बार फिर खून से लाल हो गई। खुशियों, तालियों और ढोल-नगाड़ों के बीच अचानक चीखें गूंजीं, भगदड़ मची और कुछ ही पलों में एक युवा जिंदगी हमेशा के लिए खामोश हो गई। मोवा इलाके में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान डांस को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना भयावह रूप ले लेगा, किसी ने सोचा भी नहीं था। इस सनसनीखेज वारदात में एक 18 वर्षीय डिलीवरी ब्वॉय दिनेश निषाद की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि मोवा बाजार के पास धुमाल और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था। रात का समय था, भीड़ उमड़ी हुई थी, युवक-युवतियां संगीत की धुन पर झूम रहे थे। इसी दौरान जमैटो में डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करने वाला दिनेश निषाद भी वहां मौजूद था। डांस को लेकर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। पहले बहस हुई, फिर धक्का-मुक्की और देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया। चंद मिनटों में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने दिनेश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने पेट और सीने पर चाकू से वार किए। खून से लथपथ दिनेश वहीं गिर पड़ा। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस समय यह पूरी घटना हुई, उसी दौरान कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल भी तैनात था। पुलिस ने जैसे ही मारपीट देखी, मौके पर पहुंचकर उपद्रवियों को खदेड़ा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घायल दिनेश को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
दिनेश की मौत की खबर जैसे ही फैली, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक मेहनतकश परिवार का सहारा छिन गया। रोजी-रोटी कमाने वाला युवक, जो ईमानदारी से डिलीवरी का काम कर अपने घर का खर्च चला रहा था, वह आज सिर्फ एक आंकड़ा बनकर रह गया। मोहल्ले में मातम पसरा है, लोग सवाल कर रहे हैं—आखिर कब तक राजधानी में यूं ही चाकू चलते रहेंगे?
कुछ संदेही हिरासत में, लेकिन सवाल कायम!
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल गिरफ्तारी से समस्या का समाधान नहीं होगा। सवाल यह है कि जब पुलिस मौके पर मौजूद थी, तो इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई? क्या भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं चूक हुई?
एक सप्ताह में चौथी हत्या, राजधानी में खौफ!
यह घटना कोई अकेली नहीं है। पिछले एक सप्ताह में राजधानी और आसपास के इलाकों में यह चौथी हत्या है। तिल्दा-नेवरा, खरोरा और खमतराई के बाद अब पंडरी थाना क्षेत्र में यह सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं ने आम लोगों की नींद उड़ा दी है। लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हर गली, हर चौराहा अब डर का दूसरा नाम बनता जा रहा है।
ऑनलाइन चाकू बिक्री पर सवाल!
इस पूरी स्थिति के पीछे सबसे बड़ा कारण चाकू की आसान उपलब्धता बताई जा रही है। ई-कॉमर्स कंपनियां धड़ल्ले से ऑनलाइन चाकू बेच रही हैं और इस पर कोई प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। न तो खरीददार की जांच हो रही है और न ही बिक्री पर सख्त निगरानी। मंदिरहसौद में पेट्रोल पंप मैनेजर की हत्या के बाद पुलिस ने दावा किया था कि ऑनलाइन चाकू बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, लेकिन हकीकत यह है कि केवल एक कंपनी पर कार्रवाई कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
जनता में आक्रोश, प्रशासन पर दबाव!
मोवा की इस घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और बिगड़ेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम, त्योहार और सार्वजनिक आयोजन अब डर के साए में होते जा रहे हैं। सवाल यह है कि क्या राजधानी में अब डांस करना भी जानलेवा हो गया है?
दिनेश निषाद की हत्या सिर्फ एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि सिस्टम पर एक बड़ा सवाल है। कब तक युवा यूं ही चाकू की भेंट चढ़ते रहेंगे? कब प्रशासन नींद से जागेगा? और कब राजधानी सच में सुरक्षित बनेगी? मोवा की यह घटना आने वाले समय के लिए एक गंभीर चेतावनी है—अगर अब भी नहीं चेते, तो अगली खबर और भी भयावह हो सकती है।













